एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। तेतुलमारी क्षेत्र अंतर्गत तिलातांड़ में जंगल और झाड़ियों की आड़ में बड़े पैमाने पर कथित अवैध कोयला डिपो संचालित कर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, झारखंड सरकार, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस और सीआईएसएफ को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार का आरोप है कि रात के अंधेरे में छोटे, बुलेरो वाहनों के जरिए कोयला लाकर इन डिपो में गिराया जाता है और बड़ी मात्रा में कोयले का भंडारण किया जाता है। इसके बाद कथित रूप से कोयले को ट्रकों में लोड कर भट्ठों तक भेजा जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि सीआईएसएफ की सख्ती और लगातार कार्रवाई के बावजूद तिलातांड़ में कथित अवैध कोयला कारोबार कैसे जारी है? उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।