- भू-धंसान स्थल भरने से बढ़ेगा खतरा, सुरक्षित विस्थापन पर बीसीसीएल का जोर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास -छाताबाद फुटबॉल मैदान, मस्जिद रोड व खुशबू मोहल्ला में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के बीच शनिवार को बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र व न्यू आकाशकिनारी कोलियरी की टीम ने प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया।
टीम ने भू-धंसान वाले स्थानों की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने का निर्देश दिया। गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम सत्यकाम आनंद ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से प्रबंधन चिंतित है।
उन्होंने प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे किसी तरह का जोखिम न लें और शीघ्र सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने बताया कि बेलगड़िया में पुनर्वास के लिए प्रत्येक परिवार को दो आवास और ढाई लाख रुपये देने का प्रावधान है। जीएम ने भू-धंसान स्थल की खुदाई अथवा ओबी से भराई कराने की मांग को भी खारिज किया।
उन्होंने कहा कि भराई के बाद भी खतरा समाप्त नहीं होगा। बच्चे वहां खेलने या मवेशियों के आने-जाने से दोबारा हादसा हो सकता है। इसलिए लोगों की सुरक्षा के लिए स्थल की घेराबंदी जरूरी है। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व वाहनों की व्यवस्था कर प्रभावित महिला-पुरुषों को बेलगड़िया भेजकर आवास दिखाया गया था।
शनिवार को कुछ लोगों ने सिंदुआरटांड़ आवासीय कॉलोनी का भी जायजा लिया। प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों से आधार कार्ड जमा कर शीघ्र पुनर्वास की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा। मौके पर क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी नारायण प्रसाद, सुरक्षा पदाधिकारी उपेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।