- नया जेनरेटर होने के बावजूद अंधेरे में कुड़ू CHC
- भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने किया औचक निरीक्षण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुड़ू (लोहरदगा)। कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बिजली व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजयुमो अध्यक्ष सरजू कुमार साहू की सूचना पर भाजपा कुड़ू मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने कुड़ू CHC का औचक निरीक्षण किया। मौक़े पर संजय चौधरी,सरजू कुमार साहु, सूरज प्रसाद साहु शामिल थें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में बिजली व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई।
बताया गया कि अस्पताल को हाल ही में नया जेनरेटर उपलब्ध कराया गया है, इसके बावजूद बिजली बाधित होने पर अस्पताल में अंधेरा छा गया। वहीं, पुराने जेनरेटर भी उपलब्ध हैं, लेकिन उनमें से एक में डीजल नहीं होने की बात सामने आई। डीजल के अभाव में लंबे समय से बंद पड़े जेनरेटर में एयर आने की स्थिति के कारण उसका संचालन भी प्रभावित बताया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को अंधेरे के बीच इलाज एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उल्लेखनीय है कि कुड़ू CHC में बिजली संकट और अंधेरे में मरीजों के इलाज का मामला पहले भी सामने आ चुका है, जिसके बाद नया जेनरेटर उपलब्ध कराया गया था।
मौके पर कृष्णा मोदी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लोहरदगा के सिविल सर्जन से भी दूरभाष पर बात कर कुड़ू CHC की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और अस्पताल में निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की आगे उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा अध्यक्ष सरजू कुमार साहु के पहल से ही नया जनरेटर मुहैया कराया गया बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं है।
कृष्णा मोदी ने कहा कि अस्पताल जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवा वाली जगह पर बिजली के अभाव में मरीजों को अंधेरे में इलाज कराने की स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को यथाशीघ्र सुदृढ़ किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि नए जेनरेटर को नियमित रूप से संचालित करने के साथ-साथ पुराने जेनरेटर को भी उपयोग के योग्य रखा जाए तथा पर्याप्त डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बिजली कटने की स्थिति में मरीजों का इलाज प्रभावित न हो।