धनबाद एक महीने से बूंद-बूंद पानी को तरसे बेलगड़िया के लोगों को मिली राहत, जेआरडीए ने बदला 15 एचपी मोटर, फिर दौड़ा पानी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बेलगड़िया फेज-1 के क्वार्टर संख्या 2352 स्थित टैंक नंबर-2 से जुड़े लोगों के लिए आखिरकार राहत की खबर सामने आयी। करीब एक महीने से जलापूर्ति ठप होने के बाद जेआरडीए ने खराब 15 एचपी मोटर को बदलकर पानी की सप्लाई दोबारा शुरू करा दी।
बताया गया कि टैंक की 15 एचपी मोटर जल जाने के कारण पिछले करीब एक महीने से इलाके में पानी की समस्या बनी हुई थी। जलापूर्ति बाधित होने से स्थानीय परिवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी और लोग पानी के लिए परेशान थे।
नया मोटर और पैनल लगाकर बहाल हुई सप्लाई
17 सितंबर 2026 को जेआरडीए की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर नया 15 एची मोटर और पैनल लगाया। मोटर और पैनल की फिटिंग पूरी करने के बाद टीम ने इसका सफल परीक्षण किया, जिसके बाद टैंक से पानी की आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गयी।
पानी की सप्लाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों के चेहरे पर राहत नजर आयी। करीब एक महीने से पानी की समस्या झेल रहे परिवारों को अब नियमित जलापूर्ति की उम्मीद जगी है।
दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम ने संभाला मोर्चा
पूरी कार्रवाई जेआरडीए इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड दीपक कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में सीनियर मैनेजर आलोक डोकानिया, मैनेजर हिमांशु कुमार, डिप्टी मैनेजर अनिल कुमार और फोरमैन दया शंकर शामिल रहे।
तकनीकी टीम ने मौके पर खराब व्यवस्था को दुरुस्त कर मोटर को चालू कराया और जलापूर्ति बहाल की। करीब एक महीने के इंतजार के बाद बेलगड़िया फेज-1 के घरों तक दोबारा पानी पहुंचा है। पानी की सप्लाई बहाल होने से स्थानीय परिवारों ने राहत की सांस ली है।