चंद्रपुरा डीवीसी कॉलोनी के पश्चिम पल्ली इलाके में घर में घुसकर पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या, बेटा गंभीर रूप से घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चंद्रपुरा (बोकारो)। डीवीसी कॉलोनी के पश्चिम पल्ली इलाके में गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गयी। एच-टाइप क्वार्टर में घर के अंदर मौजूद एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गयी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार सिन्हा (65) अपनी पत्नी और बेटे रोहित के साथ घर में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही हमलावरों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के वक्त इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। गोली लगने से नरेश कुमार सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गयी। उनकी पत्नी को गंभीर हालत में डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
वहीं बेटे रोहित के सिर में गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरेश कुमार सिन्हा मूल रूप से गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के बकरौल गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं। वह लंबे समय से चंद्रपुरा में रह रहे थे। बताया गया है कि उन्होंने इंडोर कंपनी में काम किया था और सेवानिवृत्त हो चुके थे। चंद्रपुरा के रटारी में उनका मकान भी बन रहा था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दोनों मृतकों के शव डीवीसी अस्पताल की मर्चरी में रखे गये हैं। वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फायरिंग की इस घटना के पीछे पेशेवर हमलावरों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान तथा घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।