वज्रपात पीड़ित परिवार के साथ खड़े हुए धीरज प्रसाद साहू व डॉ. रामेश्वर उरांव
तत्काल मुआवजा और स्वास्थ्य सुविधा को लेकर सक्रियता
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में वज्रपात की घटनाओं के बीच छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन के अनलोडर मजदूर अयूब अंसारी, पिता स्वर्गीय अली बकर, ग्राम कुरसे, थाना एवं जिला लोहरदगा की वज्रपात से हुई मृत्यु की सूचना मिलते ही कठळवउ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, युवा नेता रोहित उरांव तथा यूनियन के जिलाध्यक्ष निशीथ जायसवाल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचे।
मौके पर धीरज प्रसाद साहू ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर बातचीत कर लोहरदगा सदर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को दूर करने तथा आपात परिस्थितियों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं स्थानीय विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने उपायुक्त से बातचीत कर वज्रपात से मृतक के आश्रित परिवार को तत्काल 4 लाख का उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की बात कही। धीरज प्रसाद साहू एवं डॉ. रामेश्वर उरांव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
मजदूर परिवार के दु:ख में संगठन पूरी मजबूती से साथ खड़ा है : धीरज प्रसाद साहू
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि अयूब अंसारी की मौत बेहद दुखद है। मजदूर और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं उनके संकट के समय सहायता करना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की ऐसी घटनाओं में पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता शीघ्र मिले, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर हरसंभव प्रयास किया जायेगा। साथ ही सदर अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से भी बात की गयी है।
पीड़ित परिवार को शीघ्र मिले मुआवजा, स्वास्थ्य व्यवस्था भी हो सुदृढ़ : डॉ. रामेश्वर उरांव
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि वज्रपात से हुई इस दुखद घटना में पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उपायुक्त से बात कर ?4 लाख मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जिले में वज्रपात जैसी आकस्मिक घटनाओं को देखते हुए अस्पतालों में तत्काल उपचार और पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध रहना बेहद जरूरी है।
पीड़ितों तक हरसंभव मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता : रोहित उरांव
युवा नेता रोहित उरांव ने कहा कि अयूब अंसारी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन से समन्वय कर सरकारी सहायता दिलाने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर भी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
मजदूर हित और आपदा पीड़ितों की मदद के लिए यूनियन प्रतिबद्ध : निसिथ जायसवाल
यूनियन के जिलाध्यक्ष निसिथ जायसवाल ने कहा कि अयूब अंसारी यूनियन से जुड़े मेहनतकश मजदूर थे। उनके निधन से यूनियन परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित, उनके परिवारों की सुरक्षा तथा संकट की घड़ी में सहायता उपलब्ध कराना यूनियन की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा कुजूर का भी लिया हालचाल
इसी दौरान ग्राम भटखिजरी निवासी पूर्णिमा कुजूर, जिन्हें गंभीर स्थिति में लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया था, की स्वास्थ्य स्थिति का भी धीरज प्रसाद साहू, डॉ. रामेश्वर उरांव, रोहित उरांव एवं निसिथ जायसवाल ने जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
नेताओं ने जिले में वज्रपात से प्रभावित अन्य घटनाओं को लेकर भी चिंता जतायी तथा प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अपील की कि ऐसी आकस्मिक घटनाओं में पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा, आवश्यक उपचार और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान अस्पताल परिसर में यूनियन के पदाधिकारी मुस्तफा खलीफा, हातिम अंसारी के साथ यूनियन एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं सहित पीड़ित परिवार के परिजन मौजूद रहे।