लोयाबाद कोलियरी में ड्यूटी चार्ट से छेड़छाड़ का आरोप, प्रबंधन से कार्रवाई की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोयाबाद (धनबाद)। लोयाबाद कोलियरी में रविवार की ड्यूटी को लेकर ड्यूटी चार्ट में कथित रूप से छेड़छाड़ किये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एसआई कर्मी लालचंद चौहान ने कोलियरी प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्रबंधक को सौंपे आवेदन में चौहान ने बताया है कि उन्हें 13 सितंबर 2026 को रविवार की ड्यूटी सौंपी गई थी। उनका आरोप है कि संजय पासवान ने ड्यूटी चार्ट में उनके नाम पर व्हाइटनर लगाकर अपना नाम अंकित कर लिया। चौहान ने इसे प्रबंधकीय आदेश की अवहेलना तथा पद के कथित दुरुपयोग का मामला बताया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ड्यूटी चार्ट में इस प्रकार नाम हटाकर दूसरा नाम दर्ज किये जाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने आशंका जतायी कि ऐसी व्यवस्था से भविष्य में कोई भी कर्मी ड्यूटी संबंधी आदेशों में मनमाने ढंग से बदलाव कर सकता है, जिससे विभागीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
चौहान ने प्रबंधन से मामले की जांच कर दोषी पाये जाने वाले कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है। आवेदन की प्रतिलिपि परियोजना पदाधिकारी, लोयाबाद कोलियरी तथा महाप्रबंधक, सिजुआ एरिया-5 को भी दी गयी है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज संलग्न किए जाने की बात कही गयी है।