Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 22
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

कोडरमा : हिंदी दिवस पर ग्रिजली विद्यालय में बिखरी भाषा, संस्कृति और रचनात्मकता की छटा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
कोडरमा : हिंदी दिवस पर ग्रिजली विद्यालय में बिखरी भाषा, संस्कृति और रचनात्मकता की छटा
विज्ञापन
  • हिंदी दिवस पर ग्रिजली विद्यालय में बिखरी भाषा, संस्कृति और रचनात्मकता की छटा
  • विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भाषण, नाटक एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व को किया रेखांकित

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। ग्रिजली विद्यालय में वेलनेस क्लब के विद्यार्थियों द्वारा हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के विद्यार्थी श्रोता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किए जाने की ऐतिहासिक घटना की 77वीं वर्षगांठ मनाई गई।

 उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को देवनागरी लिपि में संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता, समन्वयकों विजय सिंह, जितेंद्र चौधरी, बी.डी. नस्कर, अनुराग सिंह, शिल्पी भदानी एवं बनानी नियोगी, सीसीए समन्वयक कुमारी एकता, वेलनेस क्लब प्रभारी रवि दत्त पांडेय तथा विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 इसके पश्चात प्रकृति, क्षिति, अदिति, कोमल, राजलक्ष्मी एवं नंदनी ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान विवेक ने हिंदी भाषा के महत्व एवं वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। अविनाश कुमार, शिवांश कुमार, अमाया, पीयूष कुमार एवं ऋषभ कुमार ने आकर्षक रोल-प्ले के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 

छोटी, सोनम, आकृति, मानसी, ज्योति, आरोही, संध्या एवं सोनाली ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं रुद्र, हृदय, इसराफिल, राजवंश, देवांश, रोशन, नवीन एवं शुभम ने नाटक के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व के साथ-साथ सामाजिक संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मीनाक्षी, स्वाति एवं रुचिका के नृत्य को भी उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की लवली कुमारी ने प्रथम, प्रभाकर कुमार ने द्वितीय तथा सौर्य शुभम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की रिद्धि भौमिक ने प्रथम, कक्षा सातवीं के प्रणव कुमार ने द्वितीय तथा रौनक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक दौर में अन्य भाषाओं का ज्ञान आवश्यक है, लेकिन अपनी मातृभाषा एवं राजभाषा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

 उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी आयोजन में सीसीए समन्वयक कुमारी एकता तथा वेलनेस क्लब प्रभारी रवि दत्त पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय से विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में श्रेया कुमारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हिंदी दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता का भाव विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी अभिव्यक्त किया। उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।

विज्ञापन