- श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पश्चात श्रीमहेश्वरी सभा द्वारा छठी महोत्सव का भव्य आयोजन
टीम एबीएन, रांची। श्रीमहेश्वरी सभा, रांची द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पश्चात आयोजित होने वाला छठी महोत्सव इस वर्ष भी बड़े ही श्रद्धा, उल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। श्रीमहेश्वरी सभा द्वारा लगातार लगभग 40 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व परंपरागत रूप से धूमधाम एवं धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाता रहा है। जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न प्रकार के रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाता है।
इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात उनकी छठी के अवसर पर महाप्रसाद एवं छठी महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री महेश्वरी समाज के सहयोग एवं सहभागिता से श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मीनारायण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना, भगवान की आरती एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ। सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण का पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात ब्राह्मणों को विधिवत भोजन कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों ने छठी महोत्सव के महाप्रसाद का आनंद लिया।
छठी महोत्सव में रांची के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में समाज के लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। कार्यक्रम दोपहर से प्रारंभ होकर देर रात तक चलता रहा।
इस अवसर पर श्रीमहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री मुकेश काबरा, सचिव श्री मनोज कल्याण, सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाज के अनेक गणमान्य बंधु उपस्थित रहे। इनके साथ विधायक श्री सी.पी. सिंह, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री निरंजन शर्मा, श्री राजीव रंजन प्रसाद, श्री सज्जन पाडिया, श्री अजय मारू, श्री नीरज कुमार, श्री वरुण साहू सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
श्रीमहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्री मुकेश काबरा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव एवं छठी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पिछले लगभग चार दशकों से श्रीमहेश्वरी सभा द्वारा जन्माष्टमी का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने में समाज के सभी बंधुओं, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं सभा के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। छठी महोत्सव में समाज के लोगों की जिस प्रकार उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, वह हमारी सामाजिक एकजुटता एवं धार्मिक आस्था का परिचायक है।
श्री काबरा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, समाज के बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से ही यह भव्य आयोजन सफल हो पाया।
छठी महोत्सव के अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजन कर महाप्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान से समाज एवं समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उक्त जानकारी श्रीमहेश्वरी सभा, रांची के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने दी।