- राजधानी रांची में भर्ती सुधार यात्रा का हुआ समापन
- यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं : देवेंद्र नाथ महतो
टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्याप्त अनियमितता, धांधली एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का आज राजधानी रांची में विधिवत समापन हुआ।
यात्रा के 18वें दिन राजधानी रांची में विशाल पदयात्रा निकाली गई। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद यात्रा रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण किया गया। यहां छात्र नेता एवं यात्रा के नेतृत्वकर्ता देवेंद्र नाथ महतो ने सभा को संबोधित किया।
इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों एवं आम लोगों की मौजूदगी रही, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। इसके बाद पदयात्रा आगे बढ़ते हुए कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा का विधिवत समापन किया गया।
अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि “छात्रों की यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं। राज्य सरकार को अपने वादे के अनुरूप नियुक्ति परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से जुड़े तमाम सबूत एवं साक्ष्य मजबूती के साथ न्यायालय के समक्ष रखना चाहिए।
साथ ही सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरे राज्य का भ्रमण कर जनता और अभ्यर्थियों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाया है। सरकार को अब छात्रों की आवाज को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
बताते चलें कि न्यायालय में परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के साक्ष्यों को प्रस्तुत करने में सरकार की कथित उदासीनता के विरोध में यह राज्यव्यापी यात्रा शुरू की गई थी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों एवं आम जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके बाद आज राजधानी रांची में लगभग 7 किलोमीटर की विशाल पदयात्रा के साथ यात्रा का विधिवत समापन किया गया।
आज की पदयात्रा में स्टेट लाइब्रेरी एवं सेंट्रल लाइब्रेरी, रांची सहित विभिन्न स्थानों पर तैयारी कर रहे प्रतियोगी छात्रों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।
देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट कहा कि भर्ती सुधार यात्रा का समापन आंदोलन का अंत नहीं है। छात्रों के अधिकार, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।