धनबाद में टोटो पर गिरा पेड़, चालक समेत दो लोग घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। शुक्रवार की सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच लुबी सर्कुलर रोड के समीप बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रहे एक टोटो पर अचानक विशाल पेड़ गिर पड़ा। हादसे में टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त टोटो में चालक के अलावा एक सवारी भी मौजूद थी। पेड़ गिरने के बाद दोनों लोग उसके नीचे दब गए। हालांकि गनीमत रही कि दोनों की जान बच गई। हादसे में टोटो चालक और सवारी को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। टोटो चालक विकास कुमार महतो ने बताया कि अचानक पेड़ टोटो के ऊपर आ गिरा, जिससे उन्हें और सवारी को चोट लगी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी राहत और बचाव में मदद की।