- धनबाद : भूल अग्निकांड में घायल महिला और पुत्र की इलाज के दौरान मौत
- परिजनों ने दर्ज कराई FIR भूली पुलिस ने पति राजा अंसारी और ससुर इमामुल मिया को भेजा जेल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। भूली थाना क्षेत्र के आजाद नगर में हुए अग्निकांड के बाद इलाज के दौरान एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसर गया है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय शादी शुदा महिला सहाना परवीन और उसके 8 माह के पुत्र की अशर्फी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, धनबाद के भूली आजाद नगर निवासी राजा अंसारी की पत्नी सहाना परवीन और उनके 8 माह का पुत्र अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलस गया था।
हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। स्थिति गंभीर होने के कारण दोनों का इलाज जारी था, लेकिन इलाज के दौरान मां और बेटे ने दम तोड़ दिया।
मां-बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। इधर, मृतका सहाना परवीन के परिजनों ने घटना को लेकर भूली थाना में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों की शिकायत के बाद भूली पुलिस ने मृतका के पति राजा अंसारी और उनके पिता इमामुल मिया को हिरासत में लेकर पुलिस दोनों से पूछताछ कर जेल भेज दिया है।
मौत की खबर सुनते ही राजा अंसारी की मां और परिवार के लोग फरार हो गए हैं हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और अग्निकांड से जुड़े सभी पहलुओं की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। मृतका और उसके पुत्र की मौत के बाद अब पुलिस के सामने घटना के कारणों का पता लगाने और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच करना अहम है।
फिलहाल मां-बेटे की मौत से आजाद नगर इलाके में गम का माहौल है। परिजन दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।