- रामकनाली बंद भूमिगत खदान में अपराधियों ने तीन बीसीसीएल कर्मियों को बनाया बंधक, 250 मीटर कॉपर केबल ले भागे
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। रामकनाली ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर रात रामकनाली कोलियरी की बंद भूमिगत तीन नंबर खदान में अपराधियों ने तीन बीसीसीएल कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 250 मीटर कॉपर केबल काटकर लूट लिया।
केबल चोरी होने से आसपास के इलाके में पिट वाटर की आपूर्ति भी ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी के सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार, सीनियर ओवरमैन राजेश मंडल, रामकनाली ओपी पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान खदान के अंदर करीब 10 पीलर तक केबल काटे जाने की बात सामने आई है।
भुक्तभोगी कर्मियों के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे 15-20 की संख्या में अपराधियों का दल पंखा घर में लगी रॉड को क्षतिग्रस्त कर अंदर दाखिल हुआ। अपराधियों के हाथों में लाठी-डंडे, रॉड, आरी और सब्बल थे। उन्होंने माइनिंग सरदार संजय प्रसाद, गार्ड सोमर मांझी और लटन दास का केपलैंप छीन लिया और तीनों को एक जगह बैठा दिया। इसके बाद अपराधियों ने केबल काटना शुरू कर दिया।