एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। अंगारपथरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग स्थित सीआईएसएफ कैंप के समीप बीसीसीएल क्वार्टर में चोरों ने आधी रात को धावा बोलकर तकरीबन पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर ले उड़े। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, स्वामी राधेश्याम पासवान के बीसीसीएल क्वार्टर में बीती रात चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह करीब 4 बजे गिरीश स्वामी की नींद खुली, तो उन्होंने घर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ देखा। जांच करने पर अलमारी खुली मिली और उसमें रखे जेवरात गायब थे।
परिजनों को आशंका है कि चोरी के दौरान चोरों ने किसी प्रकार के स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिसके कारण घर में मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी और वे गहरी नींद में सोते रहे। घटना की सूचना अंगार पथरा ओपी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।