एबीएन डेस्क। झारखंड में किसानों की समस्याओं एवं उनके सुझावों से अवगत होने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने किसान कॉल सेंटर शुरू करने की पहल की है। इसकी शुरुआत आज 19 जनवरी से होने जा रही है। यह बातें कृषि मंत्री बादल ने नेपाल हाउस में किसान कॉल सेंटर के ऑनलाइन शुभारंभ के अवसर पर कही। उन्होंने ब्लॉक चेन टेक्नोलॉजी एवं कोविड-19 टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा तैयार की गई गीत का शुभारंभ भी किया। कृषि मंत्री बादल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील हैं, साथ ही उनके सुझावों से भी सरकार अवगत होना चाहती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर सरकार ने किसान कॉल सेंटर की शुरुआत की है, जो कृषि निदेशालय से संचालित होगा।राज्य के किसान कहीं से भी इस किसान कॉल सेंटर (जिसका टॉल फ्री नं.1800-123-1136 है) में अपनी समस्याओं एवं सुझावों को दर्ज करा सकते हैं। उनकी समस्याओं को प्रखण्ड स्तर से लेकर मुख्यालय स्तर तक हल करने का प्रयास किया जायेगा। टॉल फ्री नं. पर किसानों के सुझावों को भी प्राप्त कर उस पर कार्रवाई की पहल की जाएगी। वहीं पदाधिकारी भी लगातार इसकी मॉनिटरिंग करेंगें। बादल ने कहा कि राज्य में विभिन्न प्रकार की भाषा एवं बोली बोली जाती हैं। किसानों को संवाद करने में कोई परेशानी न हो, इस हेतु किसान कॉल सेंटर में किसानों की भाषा के अनुरूप ही उन्हें जवाब भी दिया जाएगा।