धनबाद में लुटेरी दुल्हन के कारनामे, शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार को लूटा, सिंदूरदान के बाद हुआ कांड!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले में लुटेरी दुल्हन गैंग से जुड़ा एक ताजा मामला सामने आया है। इस बार राजस्थान के अलवर से शादी करने आये एक परिवार के साथ भारी ठगी और मारपीट की गयी है। दुल्हा और उसके परिवार का आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने शादी का झांसा देकर उनसे रुपये ऐंठ लिये और बाद में मारपीट भी की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और सारा सामान छीन लिया और फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के अरवल जिला के बगडतराय गांव के रहने वाले श्याम नट अपने बेटे गुल्लू की शादी के सिलसिले में अपने परिवार के साथ बरवाअड्डा आये थे। यहां लड़की पक्ष के लोग पहले से मौजूद थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, एक महिला ने फोन पर ही शादी की बात पक्की की थी। बात तय होने पर सोमवार को वे लोग लड़के (दूल्हे) के साथ बरवाअड्डा पहुंचे थे।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाह तय होने के एवज में उन्होंने लड़की के परिजनों को 40 हजार रुपये फोन-पे पर ट्रांसफर किये। इसके बाद एक स्थान पर रस्म के तहत सिंदूरदान भी संपन्न कराया गया। शादी की रस्मों के बाद लड़की पक्ष के लोग उन्हें (वर पक्ष को) लेकर टुंडी रोड स्थित एक कपड़ा दुकान गये, जहां से 23 हजार रुपये की खरीदारी करवायी। साथ ही 35 हजार के सोने-चांदी के गहने भी खरीदे गये।
खरीदारी पूरी होते ही लड़की पक्ष का व्यवहार अचानक बदल गया। ठग दूल्हा और उसके परिजनों को झांसा देकर नेशनल हाईवे के सुनसान जगह पर ले गये। वहां उनके साथ जमकर मारपीट की गयी और दूल्हे के पिता श्याम का मोबाइल छीन लिया गया। घटना के बाद भयभीत पीड़ित परिवार बरवाअड्डा थाना पहुंचा और अपनी आपबीती सुनायी।
पीड़ित परिवार ने साक्ष्य के तौर पर कपड़ा दुकान से मिली 23 हजार रुपये की खरीदारी की रसीद भी पुलिस को दिखायी, जिस पर दुकान का नाम दर्ज है। बरवाअड्डा थाना पुलिस खरीदारी के बिल और पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामले की छानबीन और आरोपियों की तलाश कर रही है।