एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। सिजुआ क्षेत्र में हुए भयावह भू-धसान की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। देखते ही देखते कई घर जमीन में समा गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। हादसे के बाद इलाके में मातम और डर का माहौल बना हुआ है। एक मासूम बच्चे की मौत की सूचना भी सामने आयी है। घटना को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद उपायुक्त को पत्र लिखकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।
रत्नेश कुमार ने कहा कि बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में भू-धसान की यह पहली घटना नहीं है। क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण जमीन के अंदर का हिस्सा खोखला होने से ऐसी भयावह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसकी निक्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना की उच्चस्तरीय जांच करायी जाये।
उन्होंने लिखा है कि ये घटना अवैध खनन के वजह से हुई है तो उसकी पहले निष्पक्ष जांच कराया जाए ओर अवैध खनन में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एवं निगरानी की ठोस व्यवस्था की जाये। अब बड़ा सवाल यह है कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी और प्रभावित परिवारों को उनका हक एवं न्याय कब मिलेगा?