रांची। 26 जनवरी को भारत अपना 73वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। कोरोना को देखते हुए इस राष्ट्रीय पर्व का आयोजन सीमित लोगों और कार्यक्रम के जरिए देशभर में मनाया जायेगा। रांची में भी इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मोरहाबादी मैदान में परेड की प्रैक्टिस जारी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए केवल रांची ही नहीं राज्यभर में इस दिन के विशेष समारोह के लिए मुख्य सचिव ने कई दिशा-निर्देश जारी किये हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियों का आयोजन नहीं होगा। समारोह में 60 से अधिक उम्र और 18 साल से कम उम्र के लोग शामिल नहीं हो पायेंगे। परेड में केवल सेना, सीआरपीएफ और जैप बैंड ही हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर लोगों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। अतिथियों के बैठने के लिए कुर्सियों के बीच दो गज की दूरी का पालन किया जायेगा। साथ ही स्थल पर मेडिकल कैंप भी लगाया जायेगा।
10 विभाग निकालेंगे 10 झांकियां : इस वर्ष रांची में मनाये जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मात्र 10 झांकी निकाली जायेगी। ये 10 झांकियां अलग-अलग विभागों द्वारा निकाली जायेगी। एक झांकी में 10 कलाकार ही शामिल होंगे। इन झांकियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए निकालने का निर्देश दिया गया है। वहीं परेड में सेना, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, जैप वन, जैप- 2, जैप 10, जिला सशस्त्र बल (पुरुष), जिला सशस्त्र बल (महिला), एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड के प्लाटून परेड में शामिल होंगे। वहीं इस वर्ष स्कूली बच्चे जैसे स्कॉट एंड गाइड, आदि शामिल नहीं होंगे।
ये विभाग निकालेंगे झांकी : पेयजल और स्वच्छता विभाग, वन पर्यावरण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा झांकियां निकाली जायेगी।