उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन व वार्षिक समारोह संपन्न
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। मध्यप्रदेश के महाकाल की नगरी उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश भर से समाज के कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक एवं समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिवेशन के दौरान आपसी संवाद के माध्यम से पूरे देश में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता और संगठन की मजबूती को लेकर गहन चिंतन-मंथन किया गया। इसी दौरान झारखंड के रामगढ़ जिला के फुलसराय निवासी नरेंद्र साहू उर्फ रवि साहू को झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय टीम का आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सह तेली घानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू, उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया,मध्यप्रदेश के सिंगरौली विधायक रामनिवास साहू, पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव, बड़कागांव की पूर्व विधायक सह एआईसीसी की राष्ट्रीय सचिव सुश्री अंबा प्रसाद सहित कई विधायक एवं मेयर उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तेली साहू महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने रवि साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष का नियुक्ति पत्र सौंपा। जिम्मेदारी मिलने के पश्चात रवि साहू ने कहा कि आज इस भव्य कार्यक्रम में देश भर से आए समाज के अतिथियों ने मुझ पर विश्वास जताकर यह जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए मैं सभी वरिष्ठजनों का आभार प्रकट करता हूं।
आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसका मैं पूरी ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगा। संगठन के प्रति समाज के लोगों को जागरूक कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ने, झारखंड के सभी जिलों में संगठन के विस्तार एवं मजबूती के लिए कार्य करूंगा और समाज के हर कार्य में तन-मन-धन से भाग लूंगा।