Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 25
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद : जोगता में भू-धंसान से दहशत में लोग

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : जोगता में भू-धंसान से दहशत में लोग
विज्ञापन

जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार सुबह अचानक हुए जोरदार भू-धंसान 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार सुबह अचानक हुए जोरदार भू-धंसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। घटना में कई घरों के प्रभावित होने की सूचना है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। 

स्थानीय लोगों के अनुसार, भू-धंसान की चपेट में आने से गुड्डू भुइयां के करीब 10 वर्षीय पुत्र की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। धंसी हुई जमीन और मलबे को देखकर लोगों में भय और बढ़ गया। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिजली के तार और एक विशाल पीपल का पेड़ भी जमीन में काफी नीचे धंस गया है। घटनास्थल पर जमीन में जगह-जगह गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं। ऐसे में आसपास रहने वाले परिवारों को जमीन के और धंसने का भय सता रहा है। 

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बीसीसीएल प्रबंधन, पुलिस, स्थानीय नेताओं और सीआईएसएफ-4 के प्रति आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जारी कथित अवैध कोयला खनन के कारण भू-धंसान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और उनके स्थायी पुनर्वास को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाये गये। 

आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए तथा घटनास्थल की विशेषज्ञों की टीम से जांच करायी जाये। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है। 

फिलहाल, घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से भू-धंसान की घटना और बच्चे की मौत के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया। अवैध खनन के आरोपों और इस गंभीर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन