कतरास बाजार में पुलिस का गहन वाहन चेकिंग अभियान, नाबालिग चालकों की बाइक जब्त
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। मंगलवार को कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कतरास बाजार क्षेत्र में गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से टोटो चालकों, स्कूल वाहनों एवं मालवाहक वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी। वहीं, वाहन चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा चलायी जा रही मोटरसाइकिलों को जब्त कर कतरास थाना लाया गया है। संबंधित मामलों में पुलिस द्वारा विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा थाना चौक से बस अड्डा होते हुए गुहीबांध तक सड़क के दोनों किनारों पर दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को सड़क से हटकर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। पुलिस के इस अभियान से वाहन चालकों और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप देखा गया।