- आकाशकिनारी कांटा के समीप होटल में जुआ अड्डा चलाने का आरोप
- बिहार-बंगाल से पहुंच रहे भीआईपी खिलाड़ी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा (धनबाद)। कतरास थाना क्षेत्र के आकाशकिनारी कांटा के समीप स्थित एक होटल में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर जुआ का जमावड़ा चल रहा है,जुआ अड्डा संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में प्रतिदिन लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए बिहार, बंगाल समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जुआ खेलने के लिए पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति से कथित तौर पर एक से दो हजार रुपये तक लिए जाते हैं।
आरोप है कि होटल में जुआ खेलने वालों को किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने का भरोसा भी दिलाया जाता है। इससे होटल संचालक को प्रतिदिन हजारों रुपये की कथित आमदनी होने की चर्चा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जुआ गतिविधियों के कारण कई परिवारों पर आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।
जुआ खेलने वाले लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि इसके संचालन से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि होटल संचालक की कुछ अधिकारियों से कथित नजदीकी है, जिसके कारण वह बेखौफ होकर गतिविधियां संचालित कर रहा है।
हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो होटल में चल रहे कथित जुआ अड्डे वाले होटल मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।