- सिजुआ 10 नंबर मोड़ के तीन पटिया टोला में जोरदार भू-धंसान
- एक की मौत चार घायल से दहशत का माहौल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र IV के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार अहले सुबह को जोरदार भू-धंसान की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
बताया जा रहा है कि भू-धंसान की चपेट में आने से गुड्डू भुइयां के पुत्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। भू-धंसान की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में लगा बिजली का पोल और बड़ा पीपल का पेड़ करीब 10 से 15 फीट नीचे धंस गया है।
इससे आसपास के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे की स्थिति कभी भी भयावा रूप ले सकती है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन, प्रशासन और स्थानीय छिटपुटिया नेता को जिम्मेदार ठहराया है।
लोगों का कहना है कि कोयला खनन के कारण क्षेत्र में लगातार भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से लोगों में सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक इलाके के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। गुस्साए ग्रामीणों ने कतरास धनबाद मुख्य मार्ग को बंद कर रोड पर बैठ गए हैं और सुरक्षित स्थानों पर बसाने की मांग कर रहे हैं।