जांच के लिए सैंपल भेजा एफएसएल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के रंजीतपुर गांव में रविवार को बाइक की डिक्की से संदिग्ध मांस बरामद होने का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को बाइक की डिक्की में मांस ले जाते हुए पकड़ा। जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गयी है। विहिप कार्यकर्ताओं के अनुसार आरोपी बाइक से संदिग्ध मांस लेकर रंजीतपुर गांव की ओर जा रहा था। संदेह होने पर कार्यकर्ताओं ने उसे रोककर बाइक की जांच की, जिसके बाद डिक्की से मांस बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल और प्रखंड पशु चिकित्सक डॉ प्रीति खोया सहित पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में बरामद मांस का सैंपल लिया गया और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मांस के प्रतिबंधित होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस पशु का है। रिपोर्ट में प्रतिबंधित मांस की पुष्टि होने पर संबंधित कानूनों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ और मामले की जांच की जा रही है। घटना को देखते हुए इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।