सम्मान पाकर भावुक हुए शिक्षक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर। लोहड़ा हाईस्कूल के 1990 बैच के पूर्ववर्ती छात्र छात्राओं ने 36 साल बाद अपने शिक्षकों को सम्मानित कर एक अनोखी पहल किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोहड़ा हाईस्कूल में पूर्ववर्ती छात्र छात्राओं ने शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया।
इसका उदघाटन प्रखंड प्रमुख गीता मेहता, एस आई चिन्टु कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में 1990 के शिक्षक अम्बिका मिश्रा, नीलकंठ दुबे, उदित नारायण सिंह व कृष्ण मुरारी दुबे को शाल, बुके, गीता की पुस्तक व बुढ़ापे का सहारा भोकली देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही स्कूल के वर्तमान शिक्षक शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर सभी शिक्षक भावुक हो गए। शिक्षकों ने सभी छात्र छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। शिक्षकों ने कहा कि संभवत: पलामू में यह पहली बार ऐसा कार्यक्रम हुआ है जिसमें 36 साल बाद पूर्ववर्ती छात्र छात्राओं ने अपने गुरुजनों को सम्मानित किया है। मौके पर प्रखण्ड प्रमुख गीता मेहता ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निमार्ता होते हैं। शिक्षक शुरू से पूज्यनीय रहे हैं और रहेंगे।
वर्तमान में शिक्षा का महत्व काफी बढ़ गया है इसमें शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 1990 के छात्र छात्राओं ने यह शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित कर ऐतिहासिक कार्य किया है। एसआई चिन्टु कुमार ने कहा कि समाज व राष्ट्र के नवनिर्माण में शिक्षकों का बहुत महत्वपूर्ण योगदान शुरू से ही रहा है। जिसने भी अपने माता-पिता व शिक्षकों को सम्मान दिया वह निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है।
उन्होंने इस आयोजन के लिए 1990 बैच के छात्र छात्राओं को बधाई दी। मौके पर अजित मिश्र, अरूण सिंह, ब्रजेश सिंह,अजय गुप्ता, सुनील दुबे, पंकज पांडेय उर्फ छोटू, अशोक पाल, मनोज दुबे, सुशील सिंह, नागेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, अंबिका सिंह, दिव्या टोप्पो, योगेश चौबे, अभिषेक गुप्ता सहित काफी संख्या में शिक्षक शिक्षिका मौजूद थे।