टीम एबीएन, रांची। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीश्री मां काली मंदिर एवं शिव मंदिर समिति ट्रस्ट, साउथ रेलवे कॉलोनी, रांची की ओर से मंदिर परिसर में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 9 से 12 वर्ष की बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया। कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह को देखते हुए मंदिर परिसर में भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति रुचि एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी प्रतिभागी बच्चियों का उत्साहवर्धन किया तथा जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। समिति की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजन बच्चों को हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री श्री मां काली मंदिर एवं शिव मंदिर समिति ट्रस्ट, साउथ रेलवे कॉलोनी, रांची के अध्यक्ष राम कुमार सिंह, सचिव उज्ज्वल आनंद, कोषाध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी अनीश कुमार, संतोष कुमार सिंह, शशि मुखी, राजू राम, उमा शंकर तांती, प्रदीप साहा, राजेंद्र गोराई, जीतू मंडल, गौरचन्द्र, भीम शर्मा, आशुतोष राहुल एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।