पलामू के बटाने नदी में डूब गये थे बिहार के तीन दोस्त, 36 घंटे बाद बरामद हुआ दूसरा शव
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के बटाने नदी में डूबे तीन दोस्तों में से एक और का शव बरामद कर लिया गया है। ये तीनों दोस्त शनिवार शाम को डूब गये थे, वे सभी बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे। शनिवार को ही राजेंद्र साव नाम के एक युवक को बाहर निकाला लिया गया।
वहीं, रविवार को दूसरे दोस्त रितिक का बटाने पुल के पास शव बरामद हुआ था। जबकि तीसरे दोस्त टेनी का सोमवार को हरिहरगंज के सियरभूंका के इलाके में बटाने नदी से शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान टेनी के रूप में हुई है। घटना के बाद, पलामू पुलिस ने रविवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को पूरे मामले की जानकारी दी थी।
एनडीआरएफ की टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और तीसरे दोस्त का शव बटाने नदी से बाहर निकाला। हरिहरगंज के थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बटाने नदी से एक और शव को बरामद किया गया है। मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गयी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बता दें कि शनिवार को राजेंद्र, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने के लिए पलामू के हरिहरगंज के बटाने नदी पहुंचे थे। तीनों नदी में नहाने के लिए उतरे थे और इस दौरान तीनों डूब गये। ग्रामीणों ने राजेंद्र को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला था और पुलिस की मदद से इलाज के लिए भेजा गया था। बाद में राजेंद्र को इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था। राजेंद्र की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।