5 किमी जर्जर सड़क और टाना भगत सभागार की समस्यायों की रखी मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोकसभा सांसद सुखदेव भगत के आवास पर सिसई प्रखंड के ग्रामीणों, गरदरी माइंस क्षेत्र के ग्रामीण, गुमला जिला से टाना भगतों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सिसई प्रखंड में रेड़बा से महुआडीपा तक करीब 5 किलोमीटर सड़क पिछले 10 वर्षों से काफी जर्जर अवस्था में है।
सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं, जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती है, खासकर बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है। उन्होंने इस सड़क के अविलंब निर्माण की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने सिसई में तालाब निर्माण, पीसीसी पथ और अधूरे पड़े निर्माण कार्यों की समस्याओं से भी अवगत कराया।
गुमला के टाना भगतों ने अपनी प्रमुख समस्या रखी। उन्होंने बताया कि गुमला जिले में बनाये गये टाना भगतों का सभागार तो बना हुआ है, लेकिन वहां शौचालय, पेयजल और बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे पूजा-पाठ और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान टाना भगतों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभागार में इन मूलभूत सुविधाओं का निर्माण कराने की मांग की।
साथ ही गुरदारी माइन्स क्षेत्र में पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी कई समस्याओं से भी सांसद को अवगत कराया गया। मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जनहित में सभी समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया।
सांसद ने कहा, टाना भगत समाज हमारे संस्कृति और संघर्ष का प्रतीक है। आपकी समस्याएं मेरी समस्याएं हैं। सिसई की जर्जर सड़क, सभागार में शौचालय-पानी-बिजली की व्यवस्था सहित सभी मांगों को मैं प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग से बात कर पूरा कराने का प्रयास करूंगा।