Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 19
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

झारखंड के सभी 24 जिलों में जायेगी देवेंद्रनाथ की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
झारखंड के सभी 24 जिलों में जायेगी देवेंद्रनाथ की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
विज्ञापन

जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के दूसरे चरण का आगाज 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के दूसरे महत्वपूर्ण चरण के तहत आज रामगढ़ जिले के लुकैयाटांड़ स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन प्रतिमा स्थल से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों में जायेगी और प्रमुख चौक-चौराहों, कॉलेजों, विश्वविद्यालय परिसरों एवं प्रतियोगी परीक्षा संस्थानों तक पहुंचकर छात्रों के बीच भर्ती व्यवस्था सुधार को लेकर जनजागरण करेगी। 

पारंपरिक रीति-रिवाज से हुआ यात्रा का शुभारंभ 

यात्रा का शुभारंभ झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज एवं संस्कृति के अनुसार किया गया। इस दौरान दिशोम गुरु शिबू सोरेन, झारखंड पिता बाबूलाल बिहारी महतो, निर्मल महतो, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, नीलांबर-पीतांबर सहित झारखंड के तमाम वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। साथ ही सखुआ पौधे का रोपण कर भर्ती व्यवस्था में सुधार का संकल्प लिया गया। 

सखुआ का पौधा नहीं, संकल्प का रोपण किया है : देवेन्द्र नाथ महतो 

छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि सखुआ का पौधा झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और मजबूती का प्रतीक है। आज किया गया पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भर्ती व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितता और धांधली को जड़ से समाप्त करने के संकल्प का प्रतीक है। 

पहले दिन यात्रा को छात्रों का मिला भव्य स्वागत और व्यापक समर्थन 

यात्रा के पहले दिन DVC चौक, गोला, चितरपुर, रामगढ़, मांडू और चरही सहित विभिन्न स्थानों पर छात्रों एवं स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। छात्र समुदाय ने उत्साहपूर्वक यात्रा का समर्थन किया और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को अपना समर्थन दिया। देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पहले दिन जिस तरह छात्रों और आम लोगों का समर्थन मिला है, उससे स्पष्ट है कि भर्ती व्यवस्था में सुधार का मुद्दा पूरे झारखंड के युवाओं की चिंता और आवश्यकता बन चुका है। 

रात्रि विश्राम डेमोटांड़ में, दूसरे दिन चतरा और  हजारीबाग की ओर बढ़ेगी यात्रा  

पहले दिन के कार्यक्रम के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम हजारीबाग के डेमोटांड़ में किया जाएगा। इसके बाद दूसरे दिन यात्रा कटकमसांडी, गिद्धौर, बड़कागांव और चतरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी तथा छात्रों एवं युवाओं से संवाद करते हुए जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। इसके बाद यात्रा हजारीबाग शहर पहुंचेगी और आगे कोडरमा एवं गिरिडीह जिले की ओर रवाना होगी। 

छात्रों के न्यायिक संघर्ष को मजबूती देगी लीगल टीम 

यात्रा के साथ अधिवक्ताओं की लीगल टीम भी रहेगी। न्यायिक लड़ाई में सहयोग करने के इच्छुक जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों को इंटरवेनर बनने के लिए वकालतनामा पर हस्ताक्षर कराया जायेगा, ताकि अभ्यर्थियों के हितों की कानूनी लड़ाई को मजबूती मिल सके। 

45 परीक्षाओं पर सरकार की कार्रवाई कायम रहनी चाहिए 

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार द्वारा 45 परीक्षाओं पर लिये गये एक्शन को कायम रखा जाना चाहिए। जिन परीक्षाओं में अनियमितता के आरोप हैं, उनकी निष्पक्ष जांच हो और योग्य एवं निर्दोष अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की जाये। 

भविष्य में पेपर लीक रोकने की सरकार दे गारंटी 

उन्होंने सरकार से मांग की कि भविष्य में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनायी जाये। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हो तो कड़ा कानून बनाया जाये। 

गरीब छात्रों के सपनों के साथ खिलवाड़ बंद हो 

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और गरीब परिवारों के छात्र कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करते हैं। कई छात्र कर्ज लेकर किताब खरीदते हैं और वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने पहुंचते हैं। लेकिन पेपर लीक या धांधली की खबर उनके वर्षों के संघर्ष और सपनों को तोड़ देती है। 

छात्रों के नेतृत्व में चलेगी ऐतिहासिक यात्रा 

उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के छात्रों और युवाओं के भविष्य के लिए है। यात्रा पूरी तरह संवैधानिक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेगी।

विज्ञापन