- पंडित राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती पर 23 अगस्त को रांची प्रेस क्लब में भव्य समारोह
टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती, झारखंड एवं पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चंपारण सत्याग्रह के प्रणेता, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं किसान चेतना के अग्रदूत पंडित राजकुमार शुक्ल जी की 151वीं जयंती के अवसर पर 23 अगस्त 2026 को रांची प्रेस क्लब में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा।
इस संबंध में हिंदी साहित्य भारती, झारखंड एवं पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पंडित राजकुमार शुक्ल भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने चंपारण के किसानों पर हो रहे अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाकर देशव्यापी किसान चेतना को नई दिशा दी।
उन्होंने महात्मा गांधी जी को चंपारण आने के लिए लगातार आग्रह किया और अंततः उन्हें चंपारण लाकर सत्याग्रह के ऐतिहासिक अध्याय की नींव मजबूत की। अजय राय ने कहा कि पंडित राजकुमार शुक्ल का संघर्ष केवल चंपारण के किसानों तक सीमित नहीं था, बल्कि वह भारत के शोषित, पीड़ित लोगों की बुलंद आवाज थे।