Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

उल्टा चोर कोतवाल को डांटे... छात्रों से माफी मांगें पीएम मोदी और अमित शाह : सुखदेव भगत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
उल्टा चोर कोतवाल को डांटे... छात्रों से माफी मांगें पीएम मोदी और अमित शाह : सुखदेव भगत
विज्ञापन

पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरा, बोले; धर्मेंद्र प्रधान को ग्लानि नहीं, गर्व था; सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। पेपर लीक प्रकरण और छात्रों के मुद्दे पर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कठघरे में खड़ा किया। सांसद ने कहा कि छात्रों से माफी मांगने की जरूरत सरकार को है, क्योंकि युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मामलों में सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे मामलों में जवाबदेही तय करने के बजाय सरकार जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि छात्रों को माफ कर देना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी कह रहे हैं कि माफी तो प्रधानमंत्री और अमित शाह को छात्रों से मांगनी चाहिए। 

यहां तो स्थिति ऐसी हो गई है कि उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को अपने कृत्यों के लिए देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि किसी भी माफी में ग्लानि और जिम्मेदारी का भाव होना चाहिए, लेकिन इस पूरे प्रकरण में ऐसा बिल्कुल नहीं दिखा। 

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र प्रधान के चेहरे पर पश्चाताप के बजाय गर्व का भाव दिखाई दे रहा था, मानो कोई बड़ी उपलब्धि हासिल की गयी हो। उन्होंने इसे बेहद विरोधाभासी और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सांसद ने कहा कि आज भी पूरी केंद्र सरकार, केंद्रीय मंत्रिमंडल और स्वयं प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने से बच रहे हैं। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न केवल जवाबदेही से भाग रही है, बल्कि संसद में भी इस विषय पर चर्चा से बचने का प्रयास कर रही है। सांसद ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जवाबदेही निभाते हुए छात्रों का विश्वास बहाल करना चाहिए।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 52,972