Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

31 जोड़ों के रुद्राभिषेक और पहली भजन जैमिंग संध्या ने रचा इतिहास

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
31 जोड़ों के रुद्राभिषेक और पहली भजन जैमिंग संध्या ने रचा इतिहास
विज्ञापन

मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा  

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठी रांची 

सावन की इस अलौकिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति और संगीत के महासंगम ने बांधा ऐसा समां कि देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु 

टीम एबीएन, रांची। सावन माह की पावन बेला में रविवार को डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल शिवभक्ति का ऐसा केंद्र बन गया, जहां आस्था, अध्यात्म और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा आयोजित भव्य रुद्राभिषेक एवं रांची की पहली भजन जैमिंग संध्या ने शहर के धार्मिक आयोजनों में एक नया अध्याय जोड़ दिया। सुबह 8 बजे से शुरू हुए इस महाआयोजन में 31 दंपतियों ने महाराष्ट्र के नासिक से आये विद्वान वैदिक आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। 

जैसे ही सभी दंपतियों ने एक साथ ॐ नम: शिवाय के मंत्रों के साथ जलाभिषेक किया, पूरा सभागार शिवमय हो उठा। घंटियों, शंखनाद और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए। आरती की दिव्य छटा और दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक आभा से आलोकित कर दिया। 

संध्या 7 बजे शुरू हुई पहली भजन जैमिंग श्रद्धालुओं ने कहा ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं देखा संध्या 7 बजे जैसे ही रांची की पहली भजन जैमिंग संध्या का आगाज हुआ, पूरा सभागार तालियों और जयघोष से गूंज उठा। केशवम् डिवोशनल रॉक बैंड की मधुर प्रस्तुतियों, शिव स्तुति और भक्तिमय भजनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। 

आधुनिक संगीत और पारंपरिक भजनों के इस अद्भुत संगम ने युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि रांची में इस तरह का भव्य और दिव्य आयोजन पहली बार देखने को मिला। कई लोगों ने इसे सावन का सबसे यादगार और ऐतिहासिक आयोजन बताया। 

शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं था, बल्कि सनातन संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का एक प्रयास था। उन्होंने कहा कि रांचीवासियों के अपार प्रेम और सहयोग ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। 

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि पहली भजन जैमिंग संध्या को जिस प्रकार का उत्साह और समर्थन मिला है, वह आने वाले वर्षों में इसे और भी भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। 

मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने कहा कि सावन की इस भक्तिमय संध्या ने हर श्रद्धालु के मन में अमिट छाप छोड़ी है। जिन्होंने इस आयोजन में भाग लिया, वे अपने साथ अविस्मरणीय यादें लेकर लौटे, वहीं जो लोग किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके, उन्हें भी इसकी भव्यता की चर्चाएं आकर्षित कर रही हैं। 

रुद्राभिषेक के संयोजक मनीष लोधा एवं अमित चौधरी थे, जबकि भजन जैमिंग संध्या के संयोजक विकास अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सौरव बजाज एवं निकुंज पोद्दार थे। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, स्पॉन्सरशिप, स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 34,626