टीम एबीएन, रांची। रांची नगर निगम अंतर्गत महादेव सरोवर पार्क, बड़ा तालाब, सेवा सदन पथ, रांची में पूर्व सांसद (राज्यसभा) महेश पोद्दार की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से स्थापित आउटडोर जिम का उद्घाटन आज उनके कर-कमलों द्वारा किया गया।
मौके पर महेश पोद्दार ने कहा कि अपर बाजार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित महादेव सरोवर पार्क को अधिक सुविधा संपन्न बनाना तथा इसकी उपयोगिता को निरंतर बनाए रखना जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। यह आउटडोर जिम सभी आयु वर्ग के लोगों को नि:शुल्क व्यायाम की सुविधा उपलब्ध करायेगा। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि उद्घाटन के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने इसका उपयोग शुरू कर दिया, जो इस पहल की सार्थकता को दर्शाता है।
श्री पोद्दार ने कहा कि सांसद के रूप में उनका सदैव प्रयास रहा कि सांसद निधि का कोई भी फंड लैप्स नहीं हो। बल्कि उसका उपयोग ऐसी जनोपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण में हो, जिनका लाभ स्थानीय लोगों को वर्षों तक मिलता रहे। यह आउटडोर जिम उसी सोच और जनसेवा के संकल्प का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उन्होंने लोगों से आश्वासन भी लिया कि वे इसका रख रखाव और सुविधा बढ़ाने की दिशा में अपने निजी प्रयासों से भी सहयोग करेंगे। उन्होंने रांची नगर निगम के तत्कालीन मुख्य प्रशासक प्रशांत कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी रुचि के कारण आउटडोर जिम की स्थापना के लिए तत्काल उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जा सका। भविष्य में भी इस पार्क को और अधिक सुविधासंपन्न एवं नागरिकों के लिए उपयोगी बनाने के निरंतर प्रयास किये जायेंगे।
मौके पर रांची नगर निगम के पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, भानू जालान, वार्ड पार्षद एहतेशाम, क्षेत्रवासी प्रेम अग्रवाल, मनोज नरेड़ी, कैलाश शर्मा, अरुण जोशी, अशोक सुराना, वेदप्रकाश बागला, अशोक पुरोहित, जुगु जोशी, कमल शर्मा (कल्लू) एवं चेतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल के लिए पूर्व सांसद महेश पोद्दार का आभार व्यक्त किया।