- 14वीं जेपीएससी परीक्षा में उठाये गये सवालों पर सीआईडी जांच शुरू होना छात्र आंदोलन की बड़ी सफलता : देवेंद्र नाथ महतो
टीम एबीएन, रांची। जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार छात्र-युवा आंदोलन, विरोध-प्रदर्शन एवं महामहिम राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन के बाद आज सीआईडी एवं रांची पुलिस द्वारा जेपीएससी कार्यालय में की गयी जांच की कार्रवाई का स्वागत करते हैं। यह छात्रों द्वारा उठाये गये गंभीर सवालों को गंभीरता से लिए जाने का संकेत है।
साथ ही जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि आज की जांच यह दशार्ती है कि छात्रों द्वारा उठाये गये प्रश्नों को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हालांकि केवल जांच शुरू होना पर्याप्त नहीं है। राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के हित में जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध होनी चाहिए तथा उसकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।
जेपीएससी ने पुन: मांग की है कि जांच पूरी होने तक 14वीं जेपीएससी की मुख्य परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किये जायें तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता, गोपनीयता भंग या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये।
साथ ही उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों छात्रों के भविष्य, न्याय, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के लिए है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।