- मानव सेवा को मिली नई गति : सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम को समर्पित हुआ मारुति सुजुकी ईको सेवा वाहन
टीम एबीएन, रांची। पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम के अंतर्गत संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में निवासरत निराश्रितजनों, दीनबंधुओं एवं प्रभुजी की सेवा को और अधिक सुगम, सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
आश्रम को श्री मनीष कुमार साहु (निदेशक, बाबा एग्रो फूड लिमिटेड) के सौजन्य से प्रदत्त मारुति सुजुकी ईको (Eeco) सेवा वाहन का लोकार्पण एवं शुभ उद्घाटन परम पूजनीय, वंदनीय संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के कर-कमलों द्वारा श्रीफल फोड़कर एवं वैदिक मंगलकामनाओं के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आश्रम परिसर में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला। संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज ने सेवा वाहन का शुभारंभ करते हुए कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। जो व्यक्ति समाज के निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए अपना तन, मन और धन समर्पित करता है, वह वास्तव में प्रभु की आराधना करता है।
उन्होंने कहा कि यह सेवा वाहन आश्रम के सेवा कार्यों को नई गति प्रदान करेगा तथा जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुँचाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। गुरुदेव ने इस पुनीत सेवा कार्य के लिए श्री मनीष कुमार साहु एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती राखी साहु को विशेष आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना की।
उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे सेवाभावी दंपति दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके इस योगदान से न केवल आश्रम की सेवा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि अनेक जरूरतमंदों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। गुरुदेव ने दोनों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर लोकसेवा की मंगलकामना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा वाहन आश्रम में निवासरत निराश्रितजनों के आवागमन, निराश्रितों के रेस्क्यू हेतु, सभी अति आवश्यक सेवाओं हेतु, सेवा सामग्री के परिवहन तथा विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इससे सेवा कार्यों की गति और दक्षता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, निर्मल छावनिका, शिवभगवान अग्रवाल, पंकज पोद्दार, रंजीत गाड़ोदिया, मनीष साहू, संजय सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, मधुसूदन जाजोदिया, नवल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मनीष जालान, पुजारी अरविंद पांडे, विशाल जालान, प्रभास गोयल, दिलीप अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, सुशील नारसरिया, अरुण जाजोदिया, मनीष सोनी, शिव अग्रवाल, विष्णु सोनी, ज्ञान प्रकाश शर्मा, सुरेश भगत, तुषार अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।