- 19 जुलाई 2026 को कांके रोड स्थित लेक एवेन्यू एवं बसंत विहार के सानिध्य में रथ यात्रा निकाली जाएगी
टीम एबीएन, रांची। आगामी रविवार 19 जुलाई को रांची के कांके रोड स्थित लेक एवेन्यू एवं बसंत विहार के सानिध्य में कांके के इस्कॉन मंदिर से रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर निकाली जाने वाली भब्य रथ यात्रा के अवसर पर भजन संकीर्तन सहित प्रसाद वितरण भी किया जायेगा।
कार्यक्रम संयोजक मुकेश काबरा ने बताया कि प्रातः 10 बजे से कांके रोड के ईस्कॉन मंदिर से रथ प्रारंभ होगा जो रिलायंस मार्ट होते हुए कृषि भवन से बसंत विहार कॉलोनी में प्रवेश कर वहां समाप्त हो जाएगा। भगवान के रथ पर जगन्नाथ भगवान विराजमान रहेंगे। जो भी भक्त भगवान के रथ को खींचना चाहते हैं वे प्रातः इस्कॉन मंदिर पहुंचकर इस पवित्र यात्रा रथ का हिस्सा बन सकते हैं।
रथ यात्रा के शुभ अवसर पर मुख्य रूप से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, कांके के माननीय विधायक सुरेश बैठा, कुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं उप-महापौर नीरज कुमार की उपस्थिति रहेगी। रथ यात्रा का यह कार्यक्रम प्रातः इस्कॉन मंदिर से सुबह 10:30 बजे प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए 12:30 बजे बसंत विहार पहुंचेगी जहां आरती के उपरांत प्रसाद वितरण के कार्यक्रम स्थगित होगा।
रथ यात्रा को सफल बनाने में मुकेश काबरा, श्रवण जाजोदिया, विकास सिंह, रविंद्र मोदी, अंचल किंगर, प्रमोद सारस्वत, राजेश अग्रवाल, अनिल मोदी, रामअवतार राजगढ़िया, विनोद मोदी, आशीष खेतान सहित कई लोग सेवा भाव के साथ लगे हुए हैं।
कार्यक्रम संयोजक मुकेश काबरा ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि रविवार को सुबह 10 बजे इस्कॉन मंदिर प्रांगण में सपरिवार पहुंचकर दिव्य रथ यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य अर्जित करें। उक्त जानकारी संयोजक मुकेश काबरा ने दी।