टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। मौसम केंद्र ने आज यानी 14 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जतायी गयी है। अगले दो दिनों तक भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है।
आज इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
14 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात हो सकता है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी है। देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं बोकारो, धनबाद और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हो सकती है।
15 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
15 जुलाई को मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाये रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ रांची और खूंटी के आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। साथ ही दक्षिण पूर्वी इलाके में प्रभावित रहेंगे।
16 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी जिलों पर ज्यादा असर
16 जुलाई को भी मानसून सक्रिय रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन गुमला और सिमडेगा सहित दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र रांची ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।