- नयी तकनीक से बढ़ेगी गुणवत्ता और घटेगी लागत : एचडी कुमारस्वामी
- दुर्गापुर स्टील प्लांट के निरीक्षण में शामिल हुए सांसद सुखदेव भगत बोले, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की जरूरत
- केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने आधुनिकीकरण और उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
एबीएन सेंट्रल डेस्क (दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल)। देश के सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात संयंत्रों को अधिक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने सोमवार को पश्चिम बंगाल स्थित दुर्गापुर स्टील प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत, केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी तथा इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट की विभिन्न उत्पादन इकाइयों, आधुनिक मशीनों, सुरक्षा व्यवस्था तथा संचालन प्रणाली का अवलोकन किया। अधिकारियों ने समिति को उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण की योजनाओं, तकनीकी उन्नयन, श्रमिक सुरक्षा और भविष्य की विस्तार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
सांसद सुखदेव भगत ने प्लांट के अधिकारियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के मानकों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुगार्पुर स्टील प्लांट देश की औद्योगिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है और इसके विस्तार के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नयी एवं अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने के साथ इस्पात की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि की जाए। वहीं, इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में दुर्गापुर स्टील प्लांट जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के संयंत्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने प्लांट के आधुनिकीकरण, आधारभूत संरचना के विकास, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा श्रमिक कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये। बैठक में प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।