Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

राम का नाम लेने वाले दाम के भरोसे, दोषियों को बचा रही है भाजपा : सुखदेव भगत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
राम का नाम लेने वाले दाम के भरोसे, दोषियों को बचा रही है भाजपा : सुखदेव भगत
विज्ञापन

आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के बयान पर लोहरदगा सांसद का पलटवार 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग इस पूरे मामले में दबाव में बयान दे रहे हैं और वास्तविक दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा से जुड़े लोग आरएसएस से जुड़े हैं और उन्होंने जो बयान दिए हैं, वे पूरी तरह सरकार के दबाव में दिए गए हैं। वे राम का नाम तो लेते हैं, लेकिन राम से ज्यादा दाम (पैसे) पर भरोसा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी, उसमें अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। 

उनके अनुसार, जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए थी और जो इस पूरे प्रकरण के मुख्य दोषी हैं, उन्हें जानबूझकर बचाया जा रहा है। भाजपा उन्हें संरक्षण दे रही है और पाल-पोस रही है। सुखदेव भगत ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों से यह स्पष्ट होता है कि यह कोई एक-दो दिन की घटना नहीं, बल्कि लंबे समय से योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से चलाया गया मामला है। 

इसलिए इसकी गहन और निष्पक्ष न्यायिक जांच आवश्यक है ताकि पूरे सच का खुलासा हो सके और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास करती है, तो जांच किसी एक संस्थान या ट्रस्ट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। देश के उन सभी धार्मिक स्थलों और ट्रस्टों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जहां भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों का नियंत्रण या प्रभाव है। 

उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति या संगठन को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करायी जाये, मुख्य आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो तथा राजनीतिक प्रभाव से ऊपर उठकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 49,084