धनबाद बस स्टैंड के पास कचरा चुनने वाले का शव मिला, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। गुरुवार सुबह धनबाद बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत धनबाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कचरा चुनकर शराब पीता था मृतक
स्थानीय शंभू सिंह ने मीडिया को बताया कि मृतक पिछले कई दिनों से बस स्टैंड के आसपास कचरा चुनने का काम करता था। कचरा बेचकर जो पैसे मिलते, उससे अक्सर शराब पीता था।
शौच के लिए गये तो देखा शव
शंभू सिंह ने कहा- गुरुवार सुबह जब मैं शौच के लिए गया तो एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। पास जाकर पहचाना तो वही था जो लंबे समय से यहां कचरा चुनता था।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा। शराब के नशे में गिरने से मौत हुई या कोई और वजह है, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बस स्टैंड के पास लाश मिलना अब आम बात हो गयी है। कचरा चुनने वाला था, शराब पीता था, इसलिए उसकी जान की कीमत नहीं?
धनबाद स्टेशन रोड से लेकर बस स्टैंड तक लावारिस लाशें मिलती रहती हैं। प्रशासन सोया है। नगर निगम को रैन बसेरा नहीं दिखता? ये भी इसी शहर का था। नशा मुक्ति केंद्र किस काम के? गरीब मर रहा है और सिस्टम मूकदर्शक बना है। पोस्टमार्टम होगा, कागज बनेगा, फाइल बंद। पर सवाल वही रहेगा- अगली लाश कब और कहां मिलेगी?