Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

झारखंड : वज्रपात से चार की मौत से इलाके में मातम

झारखंड : वज्रपात से चार की मौत से इलाके में मातम
विज्ञापन

आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के तीन जिलों में 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से लोहरदगा जिले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लातेहार और कोडरमा जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान चली गयी। 

अधिकारियों के अनुसार, लोहरदगा में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं की मौत हुई, जबकि छह अन्य लोग झुलस गये। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कुरू थाना क्षेत्र के सलगी गांव की घुरती उरांव (48) और बगरू थाना क्षेत्र के चरहू गांव की आसीदा खातून (40) के रूप में हुई है। 

कुरू के थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि उरांव अपने पति और बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गयी। उन्होंने कहा कि इस घटना में उनका पति और बेटा भी घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

बगरू के थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि खातून गांव में बकरियां चरा रही थीं, तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गयीं। पुलिस के अनुसार तिसिया नयाटोली में एक मकान में शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलस गये तथा उनका इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है। 

पुलिस के मुताबिक लातेहार जिले में बालूमाथ थाना क्षेत्र के पिंडराकोम गांव में 14 वर्षीय एक किशोरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी। पुलिस का कहना है कि कोडरमा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में 26 वर्षीय सोनी कुमारी की गुरुवार को पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 जून से अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूवार्नुमान जताया है। 

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,589