धनबाद के मेयर संजीव सिंह बोले- सनातन का झंडा कभी नहीं झुकने देना है, विष उत्पन्न होगा तो भगवान भोले फिर पीने आयेंगे
यहां जितने भी लोग आए हैं आप लोग हनुमान की तरह काम करें
माटीगढ़ में श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा (धनबाद)। माटीगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ सह श्री श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 17 जून से 23 जून 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 17 जून (बुधवार) को कलश यात्रा, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं पाठ आरंभ के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन, अधिवास एवं संध्या आरती का आयोजन किया जायेगा।
आयोजन समिति के अनुसार 18 जून को जलाधिवास, 19 जून को अन्नाधिवास, 20 जून को फलाधिवास, शर्कराधिवास एवं पुष्पाधिवास, 21 जून को माध्वाधिवास, घटाधिवास, महा स्नान एवं नगर भ्रमण तथा 22 जून को वेदी पूजन के साथ मिथुन लग्न में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
महोत्सव का समापन 23 जून (मंगलवार) को सामूहिक हवन, नवकुमारी कन्या पूजन, पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है।
इस धार्मिक आयोजन में आचार्य प्रकाश चन्द्र पांडेय यज्ञाचार्य के रूप में तथा देवी ज्योति शास्त्री जी कथा वाचक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने इस मौके पर कहा सनातन का झंडा कभी नहीं झुकने देना है विष उत्पन्न होगा तो भगवान भोले पीने का काम करेंगे, यहां जितने भी लोग आए हैं आप लोग हनुमान की तरह काम करें। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।