- जरूरतमंद बच्चियों के बीच नूतन वस्त्रों का वितरण : बुद्धा फाउंडेशन
टीम एबीएन, रांची। जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन द्वारा बुद्धा साइंस एंड टेक्निकल इंस्टीट्यूट, चूना भट्ठा, कोकर, रांची में वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के पूर्व उपमहाप्रबंधक कैप्टन रमेश कुमार झा, विशिष्ट अतिथि श्रीमती अंदीता झा, संस्था के अध्यक्ष श्री शशिभूषण पांडे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर जी. पी. सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि कैप्टन रमेश कुमार झा ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना एक महान मानवीय कार्य है और समाज के सक्षम लोगों को ऐसे कार्यों में आगे आना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर जी. पी. सिंह ने कहा कि समाज में सेवा की भावना रखने वाले अनेक लोग हैं, आवश्यकता उन्हें एक मंच से जोड़कर समाजहित के कार्यों में प्रेरित करने की है। संस्था के अध्यक्ष शशिभूषण पांडे ने कहा कि संस्था समाज के सहयोग को सही एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान 20 आर्थिक रूप से पिछड़ी बच्चियों के बीच नूतन वस्त्रों का वितरण किया गया। बड़ी बच्चियों को फ्रॉक-सूट, पजामा एवं दुपट्टा तथा छोटी बच्चियों को फ्रॉक प्रदान किया गया। वितरण किए गए सभी वस्त्र संस्था के प्रशिक्षण केंद्र में तैयार किए गए थे।
इस अवसर पर कैप्टन रमेश कुमार झा एवं अंदीता झा को महादानी कर्ण सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। संस्था के सीईओ डॉ. भरत भूषण ने कहा कि समाज में हो रहे सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समाजहित में योगदान देना चाहिए।
मंच का संचालन संस्था की डायरेक्टर इंजीनियर सुप्रिया भारती ने किया एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में चारवा भगत, सावित्री कुमारी, अंजलि कुमारी, संजना कुमारी तथा अनन्या सिंह का सराहनीय योगदान रहा।