छह लेन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, भंडरा। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता बिन्देश्वर उरांव ने लोहरदगा बेडो हाईवे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। श्री उरांव ने इस संबंध में लोहरदगा उपायुक्त सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों को एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित कर इस महत्वपूर्ण मार्ग पर तत्काल सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने तथा मार्ग के व्यापक उन्नयन की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बेड़ो, तुक्को, चट्टी, भंडरा एवं लोहरदगा को जोड़ने वाली यह मार्ग हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों के लिए जीवनरेखा का कार्य करता है। दुर्भाग्यवश पिछले कई वर्षों से इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है, जिसके कारण अनेक लोगों की असामयिक मृत्यु हो चुकी है तथा बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
इस पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा है कि इस क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांवों के युवा एवं विद्यार्थी सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक शिकार हो रहे हैं। कई परिवारों ने अपने होनहार पुत्रों एवं परिवार के कमाऊ सदस्यों को खो दिया है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक दोनों स्तरों पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने कहा कि तेज गति से चलने वाली वाहन, सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का अभाव, डिवाइडर नहीं होना, स्पीड नियंत्रण प्रणाली की कमी, अपर्याप्त चेतावनी संकेतक तथा नियमित यातायात निगरानी का अभाव दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।
पूर्व में भी उन्होंने उक्त सड़क को लातेहार डाल्टनगंज मार्ग से जोड़ते हुए एक आधुनिक छह लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण का प्रस्ताव विभिन्न स्तरों पर रखा था, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि खूंटी से बेड़ो पुर्नापानी क्षेत्र तक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ होने की जानकारी प्राप्त हुई है, जो क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने सरकार से प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है। ताकि सड़क सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास, निवेश, रोजगार एवं आवागमन की सुविधाओं को नई गति मिल सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, झारखंड सरकार, रांची सचिव, सड़क निर्माण विभाग, झारखंड सरकार, उपायुक्त, रांची पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा, पुलिस अधीक्षक, रांची, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी, सांसद, लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र, विधायक, मांडर क्षेत्र, विधायक, लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र और झारखंड राज्य सड़क सुरक्षा परिषद को सौंपी गयी है।