48 निराश्रित दिव्यांग प्रभुजनों की सेवा को समर्पित होगा आयोजन
टीम एबीएन, रांची। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा संचालित पीड़ित मानव सेवा के पवित्र केंद्र श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम, पुंदाग स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य-प्रेम सभागार) का द्वितीय स्थापना दिवस रविवार, 14 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से श्रद्धा, सेवा और मानवता के भाव के साथ मनाया जायेगा।
आश्रम के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि यह आश्रम समाज के उन निराश्रित, मंदबुद्धि एवं दिव्यांग प्रभुजनों के लिए आशा और सम्मान का केंद्र बन चुका है, जिन्हें परिवार या समाज का सहारा नहीं मिल पाया। वर्तमान में आश्रम में 48 मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रित प्रभुजनों की संपूर्ण देखभाल एवं सेवा निस्वार्थ भाव से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आश्रम में रहने वाले सभी प्रभुजनों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन, नियमित स्वास्थ्य देखभाल, बौद्धिक शिक्षा, योगाभ्यास, मनोरंजन, स्वच्छ वातावरण तथा आवश्यक दैनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे सम्मानजनक और आत्मीय वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें। आश्रम में सेवा को ही सर्वोच्च धर्म मानते हुए प्रत्येक प्रभुजन की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। आश्रम के इस पुनीत कार्य में सत्यनारायण पोद्दार चैरिटेबल ट्रस्ट के समाजसेवी पंकज पोद्दार निरंतर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त अनेक समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं द्वारासमय-समय पर खाद्य सामग्री, वस्त्र तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराकर मानव सेवा के इस अभियान को मजबूती प्रदान की जा रही है।संजय सर्राफ ने बताया कि पूज्य गुरुजी डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में भारत के विभिन्न राज्यों में 16 अपना घर आश्रम संचालित हो रहे हैं, जहां 4,000 से अधिक दिव्यांग एवं निराश्रित प्रभुजनों की सेवा का महान कार्य किया जा रहा है।
इसके साथ ही नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी एक अपना घर आश्रम संचालित है, जो मानव सेवा और करुणा का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि आश्रम का उद्देश्य केवल आश्रय प्रदान करना नहीं, बल्कि उपेक्षित एवं असहाय लोगों को परिवार जैसा वात्सल्य, सम्मान और आत्मीयता देना है। यही कारण है कि यह सेवा अभियान समाज में मानवता, करुणा और परोपकार का प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है।
आश्रम के संचालन एवं सेवा कार्यों में ट्रस्ट के संरक्षक विजय अग्रवाल, अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नन्द किशोर चौधरी, संजय सर्राफ, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, सुरेश चौधरी, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित अनेक समर्पित सदस्य सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
द्वितीय स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आश्रम परिवार ने समाज के सभी गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं से मानव सेवा के इस महायज्ञ में सहभागी बनने और निराश्रित प्रभुजनों के जीवन में खुशियां लाने का आह्वान किया है।