बारातियों से भरी बस पेड़ से टकराकर पलटी, 3 की मौत, 20 से अधिक लोग घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में बारातियों से भरी एक बस मोड़ पर संतुलन खो बैठी और पेड़ से टकराकर पलट गयी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गयी एवं 20 से अधिक लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि बस वायुसेना-सिनागरसाई रोड पर मोड़ लेते समय चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह (बस) एक पेड़ से टकराकर पलट गयी। उन्होंने कहा, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हम तुरंत मौके पर पहुंचे और 20 से अधिक घायलों को अमड़ापाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी जिले दुमका के सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में पंजीकृत यह बस पाकुड़ जिले के परियारदाहा गांव से बारातियों को लेकर पड़ोसी जिले गोड्डा के कदमपहाड़पुर गांव जा रही थी।
वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि परियारदाहा गांव के ओलेन मुर्मू (64) और राजेश टुड्डू (16) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि लिट्टीपाड़ा के हेमलाल हेम्ब्रोम (26) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।