Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

लोहरदगा ब्लड बैंक सेंटर को जल्द मिलेगी मान्यता

लोहरदगा ब्लड बैंक सेंटर को जल्द मिलेगी मान्यता
विज्ञापन

सांसद सुखदेव भगत की पहल रंग लायी 

मरीजों को बड़ी राहत, अब रक्त जांच प्रक्रिया होगी तेज और सुविधाजनक 

सांसद प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन से की मुलाकात, अंतिम चरण में है मान्यता की प्रक्रिया 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आने वाला है। उनके प्रयास से लोहरदगा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक सेंटर को शीघ्र ही सरकारी मान्यता मिलने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण जनहितकारी विषय को सांसद ने न केवल विभागीय मंत्री के समक्ष उठाया था, बल्कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भी प्रमुखता से रखा था।

इसी क्रम में सांसद के निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू, जिला सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगू, स्वास्थ्य सांसद प्रतिनिधि सोनू कुरैशी तथा कांग्रेस विचार मंच के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू कुरैशी ने सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन से मुलाकात की और ब्लड सेंटर की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। 

सिविल सर्जन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि ब्लड बैंक सेंटर की मान्यता से संबंधित अधिकांश कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सरकार से स्वीकृति मिलने की औपचारिकता अंतिम चरण में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लोहरदगा ब्लड सेंटर को मान्यता प्राप्त हो जायेगी। गौरतलब है कि चाईबासा में कथित रूप से संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने के मामले के बाद सरकार ने रक्त की एचआईवी जांच अनिवार्य कर दी थी। 

वर्तमान में यह सुविधा मुख्य रूप से रांची में उपलब्ध होने के कारण लोहरदगा समेत अन्य जिलों से रक्त के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाते हैं, जिससे रिपोर्ट आने में चार से पांच दिन तक का समय लग जाता है और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोहरदगा ब्लड सेंटर को मान्यता मिलने के बाद मरीजों का रक्त स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रहेगा तथा केवल जांच हेतु सैंपल रांची भेजा जायेगा। 

रिपोर्ट एक दिन के भीतर उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत होगी। सांसद सुखदेव भगत की इस पहल को जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। 

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 29,554