टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिवपूजन पाठक की नियुक्ति के संबंध में राज्य सरकार द्वारा भेजे गये प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विदित हो कि राज्यपाल ने उक्त नियुक्तियां कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित की हैं।उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाये, ताकि आयोग का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया में यदि कोई प्रक्रियागत त्रुटि पायी जाती है अथवा इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।