लोयाबाद वार्ड 08 की जनसमस्याओं को लेकर मेयर संजीव सिंह से मिले रत्नेश कुमार
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। लोयाबाद वार्ड संख्या 08 की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश कुमार ने धनबाद मेयर संजीव सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में जल निकासी, नाली निर्माण एवं स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
रत्नेश कुमार ने मेयर को सौंपे गये पत्र में कहा कि लोयाबाद स्टेशन रोड स्थित नीमिया टांड़ क्षेत्र में नाली का अभाव होने के कारण बरसात के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती है। इसके चलते वर्षा का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उक्त क्षेत्र में जल्द से जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की।
इसके अलावा लोयाबाद वार्ड 08 अंतर्गत लोयाबाद 8 नंबर क्षेत्र में भी जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए नाली निर्माण की आवश्यकता बतायी गयी। रत्नेश कुमार ने कहा कि नाली नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।
वहीं लोयाबाद 9 नंबर 06 क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी मेयर के समक्ष उठाया गया। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलकर नयी स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग करते हुए कहा कि रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं।
मेयर संजीव सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई।