धुर्वा डैम में 14 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत, परिवार के साथ गयी थी घूमने
टीम एबीएन, रांची। रांची के हटिया स्थित धुर्वा डैम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। डैम के फाटक के पास पैर फिसलने से 14 वर्षीय बच्ची गहरे पानी में गिर गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतका की पहचान हटिया निवासी श्रेया गाड़ी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्रेया अपने परिवार के साथ धुर्वा डैम घूमने गयी थी। इस दौरान वह डैम के फाटक के निचले हिस्से की ओर चली गयी। बताया जाता है कि अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी। घटना के बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गयी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और लोगों की मदद से बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर धुर्वा डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं।